महाराष्ट्र हाईवे पुलिस ने मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के कनेक्टिंग लिंक पर सभी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर स्थायी रोक लगाने का फैसला किया है. यह प्रतिबंध 1 नवंबर से लागू होगा और अगले आदेश तक जारी रहेगा.

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ट्रैफिक) प्रवीण सालुंखे की ओर से जारी यातायात अधिसूचना में कहा गया है कि यह फैसला इस हिस्से में बने सुरंगों की डिजाइन और तकनीकी विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के लिए लिया गया है.

किन वाहनों को अनुमति होगी

निजी कार, जीप और अन्य गैर-परिवहन हल्के मोटर वाहन इस कनेक्टिंग लिंक का इस्तेमाल कर सकेंगे. यात्री बसों और अन्य यात्री वाहनों को भी मार्ग पर चलने की अनुमति होगी.

हालांकि, सभी मालवाहक वाहनों पर रोक रहेगी. इसमें छोटे वाणिज्यिक वाहन, पिकअप वैन और Tata Ace जैसे वाहन भी शामिल हैं. ज्वलनशील, विस्फोटक या अन्य खतरनाक सामग्री ले जाने वाले वाहनों को भी इस लिंक से गुजरने की अनुमति नहीं होगी.

पुराने मार्ग का करना होगा इस्तेमाल

प्रतिबंधित मालवाहक वाहनों को मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के मूल मार्ग से जाना होगा. अधिसूचना में निजी कारों और अन्य हल्के मोटर वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है.

यात्री बसों और अन्य यात्री वाहनों की अधिकतम गति सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा होगी. ये नियम 1 नवंबर से प्रभावी होंगे और महाराष्ट्र हाईवे पुलिस के अगले आदेश तक लागू रहेंगे.