मुंबई-पुणे के बीच प्रस्तावित नए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की निविदा प्रक्रिया में एक बार फिर बदलाव किया गया है. उपलब्ध निविदा विवरण के अनुसार, बोली जमा करने की अंतिम तारीख 10 दिसंबर 2026 और बोली खोलने की तारीख 11 दिसंबर 2026 कर दी गई है. इससे पहले बोली खोलने की तारीख 27 नवंबर 2026 निर्धारित थी.
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने महाराष्ट्र में करीब 130 किलोमीटर लंबे नए मुंबई-पुणे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की DPR और feasibility report तैयार करने के लिए यह निविदा जारी की है. परियोजना को मौजूदा मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के समानांतर विकसित करने की योजना है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रस्तावित मार्ग आठ लेन का होगा और इसकी अनुमानित लागत करीब ₹15,000 करोड़ है. परियोजना पूरी होने पर मुंबई और पुणे के बीच यात्रा समय लगभग 90 मिनट तक आने की उम्मीद जताई गई है.
पहले चरण में JNPA के पास पागोटे से चौक तक करीब 30 किलोमीटर का हिस्सा शामिल है. इस खंड पर लगभग ₹4,500 करोड़ खर्च होने और सह्याद्रि क्षेत्र में दो सुरंगें बनाए जाने की योजना बताई गई है. शेष करीब 100 किलोमीटर के हिस्से की DPR प्रक्रिया जारी है.
