महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई, पुणे और नागपुर महानगर क्षेत्रों के मेट्रो स्टेशनों के नामकरण और पुनर्नामकरण से जुड़े प्रस्तावों पर विचार करने के लिए छह सदस्यीय समिति गठित की है. समिति की अध्यक्षता मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस करेंगे, जबकि नगर विकास विभाग का प्रभार संभालने वाले उपमुख्यमंत्री इसके सह-अध्यक्ष होंगे.
समिति में संबंधित क्षेत्र के लोकसभा सांसद, विधायक और स्थानीय निकाय के प्रमुखों को शामिल किया जाएगा. मेट्रो परियोजना लागू करने वाली संस्था का प्रशासनिक प्रमुख सदस्य-सचिव की भूमिका निभाएगा.
नाम तय करते समय क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक और भौगोलिक महत्व, स्थानीय लोगों की भावनाएं, उच्चारण की सहजता और इलाके की पहचान को ध्यान में रखा जाएगा. समान या मिलते-जुलते नामों से यात्रियों को होने वाले संभावित भ्रम से बचने पर भी जोर रहेगा.
प्रस्ताव पहले संबंधित मेट्रो संचालन या कार्यान्वयन एजेंसी की ओर से जांचे जाएंगे. इसके बाद नगर विकास विभाग उन्हें समिति के सामने रखेगा. समिति की सिफारिश केंद्र सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय को भेजी जाएगी. अंतिम मंजूरी केंद्र की निर्धारित प्रक्रिया के तहत होगी. अभी किसी स्टेशन के नाम बदलने की अंतिम सूची जारी नहीं की गई है.
