मुंबई के आरे इलाके में स्थित राम मंदिर में कथित तोड़फोड़ और जबरन प्रवेश के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. इस मामले में 15 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार शाम मरोल चेक नाका क्षेत्र स्थित लेउवा पाटीदार समाज राम मंदिर में हुई.
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, एक समूह ने मंदिर के सुरक्षा गार्ड को कथित तौर पर धमकाकर परिसर में प्रवेश किया. इसके बाद वहां आरती की गई, मंदिर परिसर में लगे एक बोर्ड पर काले रंग से स्प्रे किया गया और भगवान हनुमान की तस्वीर वाले धार्मिक बैनर को फाड़ दिया गया.
मामला मंदिर ट्रस्ट के न्यासी जयेश अंबावी पटेल की शिकायत पर दर्ज किया गया. पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लोगों को मंदिर परिसर में हनुमान चालीसा पाठ और महाआरती के लिए जुटने की अपील की गई थी. इसके बाद करीब 30 से 40 लोग वहां जमा हुए.
पुलिस ने बताया कि घटना मंदिर के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में आपराधिक धमकी, नुकसान पहुंचाने, सार्वजनिक उपद्रव और धार्मिक भावनाएं आहत करने जैसे आरोपों के तहत कार्रवाई की गई है. मामले की आगे जांच जारी है.
