मुंबई के शिवाजी पार्क में CJP के विरोध प्रदर्शन के दौरान ठाणे निवासी 75 वर्षीय गोपालकृष्ण सुब्बैया पिल्लई की मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, पिल्लई शुक्रवार, 2 अक्टूबर की शाम करीब 4:30 बजे प्रदर्शन देखने शिवाजी पार्क पहुंचे थे.
करीब 5 बजे गेट नंबर 6 के पास उन्हें बेचैनी और सीने में दर्द की शिकायत हुई. उनके मित्र और प्रदर्शन स्थल पर तैनात पुलिसकर्मी मदद के लिए पहुंचे. मौके पर मौजूद डॉक्टर ने उन्हें प्रारंभिक उपचार दिया, जिसके बाद पिल्लई को शिवाजी पार्क स्थित सुष्रुषा अस्पताल ले जाया गया.
अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस के मुताबिक, चिकित्सकों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है.
शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने मृतक की पहचान गोपालकृष्ण सुब्बैया पिल्लई के रूप में की. वह ठाणे के दोस्ती वेस्ट काउंटी की B विंग में रहते थे. पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट दर्ज की है और परिवार की आपत्ति नहीं होने पर शव उन्हें सौंप दिया गया.
