मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की BMW कार पर फायरिंग की घटना सामने आई है. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अभिनेता से उनके घर पर मुलाकात के बाद बताया कि उनके दाहिने हाथ पर बारूद से झुलसने की चोट आई है. शिंदे ने कहा कि घटना को गंभीरता से लिया गया है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम फुटबॉल मैच खेलने के बाद टाइगर श्रॉफ जब लौट रहे थे, तब उनकी कार पर पांच राउंड फायर किए गए. अभिनेता को सीधे गोली लगने की बात सामने नहीं आई है, लेकिन उनके ड्राइवर फिरदौस और एक ऑटोरिक्शा चालक के घायल होने की जानकारी दी गई है.
शिंदे ने कहा कि अभिनेता का परिवार उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित है और उसने किसी से दुश्मनी या विवाद होने से इनकार किया है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र सरकार परिवार के साथ हैं. शिंदे ने कहा कि मुंबई में किसी गैंग या व्यक्ति को धमकी और गुंडागर्दी की इजाजत नहीं दी जाएगी.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती और टाइगर श्रॉफ से बात की. उन्होंने पुलिस प्रमुख से घटना की जानकारी मांगी और आरोपियों को जल्द पकड़ने, जांच तेज करने तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए.
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीन लोग मोटरसाइकिल पर आए थे. इनमें से दो ने कथित तौर पर फायरिंग की, जबकि तीसरा व्यक्ति बाइक पर इंतजार कर रहा था. घटना के बाद संदिग्धों के मोटरसाइकिल से फरार होने का दावा किया गया है. सामने आए एक वीडियो में भी एक व्यक्ति को कई राउंड फायर करते हुए देखा गया, हालांकि इसकी पुलिस पुष्टि अभी बाकी है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, संदिग्धों को घटना से करीब आधे घंटे पहले एक वड़ा पाव की दुकान के पास देखा गया था. एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने दावा किया कि टाइगर ड्राइवर को अस्पताल ले गए. ये सभी दावे पुलिस की जांच और पुष्टि के अधीन हैं.
इस बीच, विदेश में रहने वाले बताए जा रहे अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया. पुलिस ने इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है. मामले में एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और हमलावरों की पहचान व तलाश जारी है.
