महाराष्ट्र में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (UCC) पर आम जनता से सुझाव और आपत्तियां लेने की प्रक्रिया को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठे हैं. कई मुस्लिम संगठनों का प्रतिनिधिमंडल आपत्तियां दर्ज कराने की समय-सीमा 100 दिन बढ़ाने की मांग लेकर मुंबई के ओल्ड कस्टम हाउस पहुंचा. प्रतिनिधियों के अनुसार, परिसर में करीब डेढ़ घंटे तक अलग-अलग विभागों में पूछताछ के बाद भी उन्हें UCC समिति की अध्यक्ष के कार्यालय का सटीक पता नहीं मिल सका.

मौजूदा प्रक्रिया के तहत सुझाव और आपत्तियां भेजने की आखिरी तारीख 15 नवंबर बताई गई है. प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि समय-सीमा बढ़ने से आम नागरिकों और विभिन्न समुदायों को अपनी राय रखने के लिए अधिक समय मिलेगा.

पते को लेकर प्रतिनिधिमंडल की परेशानी

प्रतिनिधियों के मुताबिक, सरकार की ओर से समिति अध्यक्ष का पता ‘ओल्ड कस्टम हाउस, दूसरी मंजिल’ बताया गया था. इसी आधार पर वे परिसर पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद अलग-अलग विभागों के कर्मचारियों को समिति अध्यक्ष के कार्यालय की जानकारी नहीं थी. प्रतिनिधिमंडल में ऑल इंडिया सुन्नी जमात-ए-उलेमा, रजा अकादमी, जमात-ए-उलेमा अहले सुन्नत, वहदत-ए-इस्लामी हिंद और कुल जमाती विफाक महाराष्ट्र के प्रतिनिधि शामिल थे.

मौलाना एजाज कश्मीरी ने आरोप लगाया कि जरूरी प्रक्रिया के लिए कार्यालय का स्पष्ट पता उपलब्ध नहीं कराया गया है. उन्होंने सरकार और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्था स्पष्ट करने तथा लोगों को परेशानियों से बचाने की अपील की.

प्रतिनिधिमंडल में शामिल इलियास मोमिन के अनुसार, ऑनलाइन उपलब्ध पते के आधार पर वे प्रशासनिक कार्यालय के कमरा नंबर 107 तक पहुंचे. वहां तहसीलदार डॉ. मानसी स्नेहा सुभाष मार्लेवार का कार्यालय बताया गया. उनका कहना है कि वहां पूछताछ के बावजूद समिति अध्यक्ष के कार्यालय की जानकारी नहीं मिल सकी और प्रतिनिधिमंडल को करीब आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा.

डाक से आपत्तियां भेजने वालों की दिक्कत का दावा

इलियास मोमिन ने यह भी दावा किया कि कई लोगों ने रजिस्टर्ड डाक से आपत्तियां, दस्तावेज और पोस्टल ऑर्डर भेजे हैं. उनके मुताबिक, डाककर्मियों को भी इन दस्तावेजों को जमा करने के लिए अधिकृत कार्यालय खोजने में परेशानी हुई.

प्रतिनिधियों ने कहा कि वे आगे भी UCC प्रक्रिया से जुड़ी अपनी आपत्तियां और तथ्य उचित मंच पर दर्ज कराते रहेंगे.