मुंबई के वडाला इलाके में सोमवार रात एक BEST बस के नियंत्रण से बाहर होने के बाद बड़ा सड़क हादसा हो गया. लोढ़ा जंक्शन के पास ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी दो कारों और एक अन्य बस को पीछे से टक्कर लगी. हादसे में छह लोग घायल हुए हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दुर्घटना रात करीब 8:30 बजे हुई. सिग्नल पर एक BEST बस और दो कारें खड़ी थीं. इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी BEST बस के चालक ने कथित तौर पर वाहन पर नियंत्रण खो दिया और आगे खड़ी गाड़ियों को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद वाहनों की कतार में भिड़ंत हो गई.
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक कार चालक को पैर में गंभीर चोट आई है, जबकि अन्य लोगों को भी चोटें लगी हैं. पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
