नागपुर विभाग पदवीधर मतदारसंघ में कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने भाजपा उम्मीदवार सुधाकर कोहळे को 3,271 मतों से हराकर सीट बरकरार रखी. वंजारी को कुल 67,231 वोट मिले, जबकि कोहळे के खाते में 63,960 वोट आए. मतगणना 40 घंटे से अधिक समय तक चली और शुरुआती चरणों में दोनों उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला रहा.

पहली पसंद के मतों की गिनती के बाद सुधाकर कोहळे 4,294 वोटों से आगे थे. उन्हें 60,924, जबकि अभिजीत वंजारी को 56,630 पहली पसंद के वोट मिले थे. निर्दलीय उम्मीदवार नितेश कराळे को 24,249 वोट मिले. किसी भी उम्मीदवार के कोटा पूरा नहीं करने के बाद दूसरी पसंद के मतों की गिनती की गई, जिसमें वंजारी को बढ़त मिली.

मतदान में अमान्य घोषित किए गए मतपत्रों को लेकर भी सवाल उठे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भाजपा से जुड़े लोगों ने दावा किया कि कुछ मतदाताओं ने कोहळे के नाम के सामने सीधे ‘2’ अंक लिखा, लेकिन पहली पसंद दर्ज नहीं की. करीब 15,000 अमान्य मतपत्रों की दोबारा जांच और पुनर्गणना की मांग की गई, जिसे अधिकारियों ने स्वीकार नहीं किया.

यह सीट भाजपा का पारंपरिक गढ़ मानी जाती रही है. परिणाम को नागपुर में भाजपा की चुनावी रणनीति और माइक्रो प्लानिंग के लिए झटके के तौर पर देखा जा रहा है.