दिवाली और छठ के दौरान रेल यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मध्य रेलवे ने नागपुर से मुंबई और पुणे के हडपसर स्टेशन के बीच विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. इन सेवाओं का संचालन अक्टूबर से नवंबर 2026 के बीच निर्धारित तारीखों पर किया जाएगा.
नागपुर-हडपसर मार्ग पर ट्रेन संख्या 01201/01202 सप्ताह में दो दिन चलेगी. नागपुर से यह सेवा सोमवार और गुरुवार शाम रवाना होगी, जबकि वापसी में हडपसर से मंगलवार और शुक्रवार को ट्रेन चलेगी. इस सेवा का संचालन 8 अक्टूबर से 19 नवंबर तक तय किया गया है.
इसके अलावा नागपुर और हडपसर के बीच ट्रेन संख्या 01209/01210 की साप्ताहिक विशेष सेवा भी उपलब्ध रहेगी. यह ट्रेन नागपुर से शनिवार और हडपसर से रविवार को चलेगी. मार्ग में वर्धा, बडनेरा, अकोला, भुसावल, जलगांव, मनमाड और अहिल्यानगर समेत कई स्टेशनों पर ठहराव निर्धारित हैं.
मुंबई-नागपुर मार्ग पर ट्रेन संख्या 02139/02140 साप्ताहिक सुपरफास्ट विशेष सेवा चलाई जाएगी. मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से ट्रेन शनिवार देर रात रवाना होगी और नागपुर से वापसी सेवा रविवार को चलेगी. यात्रियों को दादर, ठाणे, कल्याण, नासिक रोड, मनमाड, भुसावल, अकोला और वर्धा जैसे स्टेशनों पर सुविधा मिलेगी.
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले आरक्षण और समय-सारणी की ताजा जानकारी जांचने की अपील की है.
