नागपुर के मेडिकल स्क्वायर इलाके में हिस्ट्रीशीटर पलाश उर्फ गनी वासनिक की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके मेहुणे आयुष उर्फ चिंटू धूपे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अन्य आरोपियों की पहचान अथर्व भगत और सुमेध मेश्राम के रूप में हुई है. तीनों को पुलिस हिरासत में भेजा गया है.

पुलिस के मुताबिक, पलाश वासनिक गुरुवार रात चाय की टपरी पर पहुंचा था. वहीं आयुष के साथ उसका विवाद हुआ. शुरुआती जांच में सामने आया है कि पलाश ने शराब खरीदने के लिए आयुष से पैसे मांगे थे, जिसके बाद बहस बढ़ गई. पुलिस इस घटनाक्रम को हत्या की तत्काल वजहों में से एक मानकर जांच कर रही है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आयुष ने 2020 में पलाश की बहन से शादी की थी. दंपति के बीच अक्सर विवाद और कथित मारपीट को लेकर तनाव था. पुलिस इसी पारिवारिक रंजिश और घटनास्थल पर हुए विवाद के संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर रही है. गिरफ्तारी से आरोप सिद्ध नहीं होते; मामले की आगे की जांच जारी है.