दिवाली और छठ पूजा के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे नागपुर और पुणे के बीच विशेष ट्रेनें चलाएगा. यह सेवा नागपुर–हडपसर मार्ग पर 8 अक्टूबर से शुरू होगी और नवंबर तक अलग-अलग दिनों में संचालित की जाएगी.

नागपुर से हडपसर के लिए ट्रेन नंबर 01201/01209 सोमवार, गुरुवार और शनिवार को शाम 7:40 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन अगले दिन सुबह 11:05 बजे हडपसर पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन नंबर 01202/01210 हडपसर से मंगलवार, शुक्रवार और रविवार को शाम 4:05 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 6:30 बजे नागपुर पहुंचेगी.

इस सेवा की कुल 40 फेरे चलाने की योजना है. नागपुर से चलने वाली सेवा 8 अक्टूबर से 21 नवंबर के बीच उपलब्ध रहेगी. मार्ग में वर्धा, धामणगांव, बडनेरा, अकोला, शेगांव, मलकापुर, भुसावल, जलगांव, मनमाड और कोपरगांव जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है.

कुछ सेवाओं के लिए आरक्षण 27 और 28 सितंबर से चरणबद्ध तरीके से शुरू किया गया है. यात्री टिकट IRCTC की वेबसाइट या रेलवे आरक्षण केंद्रों से बुक कर सकते हैं. विशेष ट्रेनों के संचालन से नियमित सेवाओं पर त्योहारों के दौरान बढ़ने वाले दबाव को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है.