महाराष्ट्र के नागपुर में किराए के एक कमरे से ₹500 के कथित नकली नोटों के बंडल बरामद किए गए हैं. प्रारंभिक जांच के अनुसार, कमरे में करीब ₹37 लाख मूल्य की नकली करेंसी छापी गई थी. पुलिस ने नोटों और प्रिंटिंग से जुड़ी सामग्री समेत करीब ₹48 लाख का सामान जब्त किया है. मामले का आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है.

यह कमरा नागपुर के खरबी इलाके में था. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पुष्पक कृष्ण भंडारकर उर्फ बेण्डाणे ने करीब डेढ़ साल पहले कमरा किराए पर लिया था. उसका रेंट एग्रीमेंट जनवरी में समाप्त हो गया था और इसके बाद उसने कई महीनों तक किराया नहीं चुकाया. मकान मालिक ने जब कमरा खाली करने को कहा तो आरोपी ने कथित तौर पर चाकू दिखाकर धमकी दी थी. इसके बाद मकान मालिक ने वाठोडा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी.

पुलिस के मुताबिक आरोपी कई दिनों से कमरे में नहीं आया था. शनिवार को मकान मालिक ने हथौड़े से कमरे का ताला तोड़ा. अंदर एक बाल्टी में नोटों के बंडल रखे थे, जबकि कागज जमीन पर बिखरे हुए थे. कमरे में प्रिंटर भी लगा मिला. इसके बाद मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी.

बरामद नोटों की संख्या पता करने के लिए पुलिस को गिनती की मशीन मंगानी पड़ी. जांच में कुछ नोटों पर केवल एक तरफ छपाई मिली, जबकि दूसरी तरफ का हिस्सा खाली था. मौके से अधछपे नोट और छपाई में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी बरामद की गई.

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के मुंबई में होने की जानकारी मिली है. उसे पकड़ने के लिए पुलिस की एक टीम मुंबई भेजने की तैयारी कर रही है. मामले में आगे की जांच जारी है और बरामद नोटों की अंतिम जांच तथा आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी.