महाराष्ट्र के नागपुर के खरबी इलाके में किराए के एक कमरे से कथित तौर पर करीब ₹37 लाख के नकली नोट बरामद किए गए हैं. कमरे में ₹500 के नोटों के बंडल, प्रिंटर और नोट छापने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिली. पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान पुष्पक कृष्ण भंडारकर उर्फ बेंडाने के रूप में हुई है. वह नागपुर के त्रिमूर्ति नगर का रहने वाला बताया गया है. उसने करीब डेढ़ साल पहले खरबी में कमरा किराए पर लिया था. रेंट एग्रीमेंट जनवरी में समाप्त हो गया था और इसके बाद उसने कई महीनों तक किराया नहीं दिया.

मकान मालिक रमेश के अनुसार, कमरा खाली करने के लिए कहने पर आरोपी ने कथित तौर पर चाकू दिखाकर धमकाया था. इस संबंध में वाठोडा पुलिस स्टेशन में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी.

ताला तोड़ने पर कमरे में मिले नोटों के बंडल

बताया गया है कि आरोपी कई दिनों से कमरे पर नहीं आया था. शनिवार को मकान मालिक ने हथौड़े से कमरे का ताला तोड़ा. अंदर एक बाल्टी में नोटों के बंडल रखे मिले, जबकि जमीन पर कागज बिखरे हुए थे और प्रिंटर लगा था. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

पुलिस ने नोटों की संख्या पता करने के लिए गिनती की मशीन मंगाई. शुरुआती जांच में नकली नोटों की कीमत करीब ₹37 लाख आंकी गई. मौके से कुछ अधछपे नोट भी मिले, जिनमें एक तरफ छपाई थी और दूसरी तरफ का हिस्सा खाली था.

पुलिस के अनुसार, नोटों और छपाई से जुड़ी अन्य सामग्री समेत करीब ₹48 लाख कीमत का सामान जब्त किया गया है. जांच में आरोपी के मुंबई में होने की जानकारी सामने आई है. उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम मुंबई भेजने की तैयारी कर रही है.