महाराष्ट्र के नागपुर में वाठोडा पुलिस ने एक किराए के कमरे से ₹500 के नोट जैसे दिखने वाले कागज, प्रिंटर, लैपटॉप और अन्य प्रिंटिंग सामग्री जब्त की है. बरामद सामग्री का पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अनुमानित मूल्य ₹37.83 लाख है. हालांकि, इन कागजों को कानूनी रूप से नकली मुद्रा मानने की पुष्टि जांच और फॉरेंसिक परीक्षण के बाद होगी.

यह मामला चैतन्येश्वरनगर, खरबी इलाके में सामने आया. पुलिस के अनुसार, किरायेदार पुष्पम कृष्ण बंडाने कई दिनों से कमरे में नहीं आया था और उस पर किराया बकाया था. मकान मालिक रमेश हरडे ने पहले उससे कमरा खाली करने को कहा था. विवाद के दौरान धमकी दिए जाने की शिकायत भी पुलिस में दर्ज कराई गई थी.

कमरा बंद मिलने के बाद मकान मालिक ने उसे खोलकर अंदर देखा, जहां कागजों के बंडल और प्रिंटिंग उपकरण मिले. सूचना पर पहुंची पुलिस ने तलाशी लेकर एक ASUS लैपटॉप, EPSON कलर प्रिंटर, पेपर कटर, कागज और अलग-अलग रंगों की स्याही जब्त की. कुछ कागज एक तरफ और कुछ दोनों तरफ छपे हुए थे.

पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि छपी सामग्री का इस्तेमाल बाजार में करने की योजना थी या नहीं. जांच में अन्य लोगों की संभावित भूमिका और प्रिंटिंग सामग्री के स्रोत की भी पड़ताल की जा रही है.