महाराष्ट्र के नायगांव रेलवे स्टेशन पर कथित छेड़छाड़ का विरोध करने वाली 20 वर्षीय महिला गंभीर हादसे का शिकार हो गई. पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर को हुई घटना में आरोपी ने विवाद के दौरान महिला को रेलवे ट्रैक की ओर धकेल दिया. चलती लोकल ट्रेन की चपेट में आने से उसका बायां हाथ कोहनी के पास कट गया.

महिला अपनी बहन से मिलने गोरेगांव गई थी और शाम करीब 7:15 बजे बोरीवली से नायगांव ईस्ट स्थित अपने घर लौट रही थी. पुलिस के मुताबिक, ट्रेन में एक अज्ञात यात्री ने उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की. नायगांव स्टेशन पर उतरने के बाद महिला ने उससे जवाब मांगा, जिसके बाद दोनों के बीच बहस हुई.

पुलिस के अनुसार, महिला ने आरोपी पर चप्पल फेंकी. आरोपी ने भी चप्पल फेंकने के बाद उसे धक्का दे दिया. महिला दो रेलवे डिब्बों के बीच बने अंतर से नीचे गिर गई और ट्रेन चलने के बाद प्लेटफॉर्म पर वापस नहीं चढ़ सकी. इस दौरान ट्रेन उसके बाएं हाथ के ऊपर से गुजर गई.

महिला के सिर पर भी चोट आई और उसे 16 टांके लगाने पड़े. उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने कई स्थानों की CCTV फुटेज की जांच कर आरोपी की पहचान की. वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणपत तुम्बाडा के अनुसार, आरोपी को 9 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया गया.