महाराष्ट्र के नांदेड जिले में 40 वर्षीय किसान चंद्रकांत शिंदे का शव निजी फाइनेंस कंपनी के कार्यालय से बरामद हुआ है. शिंदे मुदखेड़ तहसील के मलकोठा गांव के रहने वाले थे. परिवार और ग्रामीणों का आरोप है कि लोन की किस्त नहीं चुकाने पर रिकवरी एजेंट उन्हें अपने साथ ले गए थे. आरोप के मुताबिक, तीन दिन बाद उनका शव कंपनी के कार्यालय में मिला.

पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि शिंदे की मौत हत्या है या आत्महत्या. नांदेड के पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में फाइनेंस का काम संभालने वाला असलम भी शामिल है. पुलिस ने मामले की जांच के लिए नौ सदस्यीय विशेष जांच टीम यानी SIT बनाई है.

फाइनेंस कंपनी के कार्यालय को सील कर दिया गया है. पुलिस ने तीन स्थानों पर छापेमारी भी की है. पुलिस अधीक्षक ने मुख्य आरोपी के फरार होने के दावे को गलत बताया और कहा कि SIT मामले से जुड़े सभी लोगों को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है.

पुलिस ने गैरकानूनी वसूली पर कार्रवाई का भरोसा दिया

नांदेड जिले के कुछ हिस्सों में सूखे जैसी स्थिति के बीच किसानों पर कर्ज का दबाव होने की बात सामने आई है. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सूखा प्रभावित इलाकों में लोन वसूली को लेकर कोई विशेष आधिकारिक गाइडलाइन जारी नहीं की गई है, हालांकि जिला कलेक्टर के साथ बैठक हुई है. उन्होंने कहा कि अगर कहीं गैरकानूनी तरीके से लोन वसूली हो रही है तो नागरिक सामने आएं, उचित कार्रवाई की जाएगी.

शिंदे के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां, दो बेटे और मां हैं. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.