महाराष्ट्र के नवी मुंबई के कलंबोली इलाके में वाहन जांच के दौरान एक कार ने पुलिस कांस्टेबल दिलीप भोईर को टक्कर मार दी. इसके बाद कांस्टेबल करीब 200 मीटर तक कार के बोनट पर घिसटते रहे. घटना का CCTV फुटेज सामने आया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिसकर्मी सड़क पर वाहनों की नियमित जांच कर रहे थे. इसी दौरान एक सफेद Swift Dzire को रुकने का इशारा किया गया. कार कुछ पल के लिए रुकी, लेकिन चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया और सामने खड़े कांस्टेबल को टक्कर लग गई. टक्कर के बाद भोईर कार के बोनट पर जा गिरे, फिर भी चालक ने वाहन नहीं रोका.

घटना में कांस्टेबल घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार में दो लोग सवार थे, जो वारदात के बाद मौके से फरार हो गए. जांच में वाहन पर लगी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई, जिससे आरोपियों की पहचान और वाहन को ट्रेस करना चुनौतीपूर्ण हो गया है.

कलंबोली पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों और कार की तलाश कर रही है. कुछ रिपोर्ट्स में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन कानून की धाराओं में मामला दर्ज होने की बात कही गई है.