महाराष्ट्र के नवी मुंबई के कलंबोली इलाके में नाकाबंदी के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल को कार से टक्कर मारने और करीब 200 मीटर तक घसीटने का मामला सामने आया है. घटना में कांस्टेबल दिलीप भोई घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिसकर्मी नियमित वाहन जांच के लिए सड़क पर तैनात थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार को रुकने का इशारा किया गया. आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय कांस्टेबल को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद भोई कार के बोनट पर गिर गए.

रिपोर्ट के मुताबिक, चालक ने इसके बावजूद कार नहीं रोकी और कांस्टेबल को लगभग 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया. इसके बाद कार में सवार दोनों लोग मौके से फरार हो गए.

जांच में पुलिस को कार पर लगी नंबर प्लेट फर्जी होने की जानकारी मिली है. इससे वाहन और उसमें सवार लोगों की पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो गया है. कलंबोली पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है. उनकी पहचान और संभावित मार्ग का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.