नवी मुंबई के सावली क्षेत्र में मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए समुद्र के नीचे सुरंग का निर्माण चल रहा है. खुदाई जमीन से करीब 114 मीटर नीचे की जा रही है, जो लगभग 35 मंजिला इमारत की ऊंचाई के बराबर गहराई है. निर्माण कार्य में करीब 1,200 मजदूर और इंजीनियर दिन-रात जुटे हैं.
सावली से विक्रोली के बीच प्रस्तावित 9.7 किलोमीटर लंबी सुरंग परियोजना का अहम हिस्सा है. इसमें समुद्र के नीचे 7 किलोमीटर लंबा सेक्शन बनाया जा रहा है. इस हिस्से का करीब 10 प्रतिशत काम पूरा होने की जानकारी दी गई है. समुद्री सुरंग को लगभग 30 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है.
एक ही सुरंग में दोनों दिशाओं की ट्रेनें
इस सुरंग की चौड़ाई इतनी रखी जा रही है कि दोनों दिशाओं में चलने वाली बुलेट ट्रेनें एक ही सुरंग से गुजर सकें. समुद्र के नीचे ट्रेन की गति 180 से 280 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की बात कही गई है. सुरंग से बाहर निकलने के बाद ट्रेन 320 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार पकड़ सकेगी.
खुदाई के लिए करीब 3,000 टन वजनी टनल बोरिंग मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, यह मशीन चीन से मार्च में मिलने के बाद काम में लगाई गई. समुद्र के नीचे बनने वाले हिस्से में सुरंग पानी की ऊपरी परत से 5 से 8 मीटर नीचे से गुजरेगी.
जलदाब और कंपन से निपटने की तैयारी
गीली मिट्टी और भारी जलदाब के कारण पानी भरने का जोखिम है. इससे बचाव के लिए स्लरी-बेस्ड मिक्स शील्ड टीबीएम का इस्तेमाल किया जा रहा है. खुदाई के साथ कंक्रीट रिंग सेगमेंट और वाटरप्रूफ सीलिंग लगाई जा रही है.
विक्रोली से बीकेसी के बीच आबादी, इमारतों और फ्लाईओवरों को कंपन से बचाने के लिए टीबीएम की गति 4 आरपीएम पर सीमित रखी गई है. जमीन पर लगाए गए रियल-टाइम सेटलमेंट सेंसर 24 घंटे हलचल की निगरानी कर रहे हैं. सावली से शीलफाटा के बीच 4.8 किलोमीटर लंबी सुरंग पहले ही तैयार होने की जानकारी दी गई है.
