नवी मुंबई के सावली क्षेत्र में मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के लिए समुद्र के नीचे सुरंग का निर्माण चल रहा है. यह सुरंग जमीन की सतह से करीब 114 मीटर नीचे बनाई जा रही है. निर्माण स्थल पर गर्मी और घुटन के बीच लगभग 1,200 मजदूर और इंजीनियर काम कर रहे हैं.

समुद्री हिस्से में करीब 7 किलोमीटर लंबी सुरंग खोदी जा रही है. इसके लिए लगभग 3,000 टन वजनी टनल बोरिंग मशीन (TBM) का इस्तेमाल हो रहा है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इस हिस्से का करीब 10% काम पूरा हो चुका है और इसे लगभग 30 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है.

एक ही सुरंग से दोनों दिशाओं की ट्रेनें

परियोजना की खासियत यह है कि दोनों दिशाओं में चलने वाली बुलेट ट्रेनें एक ही चौड़ी सुरंग से गुजरेंगी. सुरंग का व्यास 13.6 मीटर बताया गया है. समुद्र के नीचे ट्रेन की गति 180 से 280 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की बात है, जबकि सुरंग से बाहर निकलने के बाद ट्रेन 320 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार पकड़ सकेगी.

सावली से शीलफाटा के बीच 4.8 किलोमीटर लंबी सुरंग पहले ही तैयार होने की जानकारी दी गई है. सावली से विक्रोली तक 9.7 किलोमीटर लंबे भूमिगत हिस्से में समुद्री सुरंग प्रमुख भाग है. इसके करीब 7 किलोमीटर हिस्से में सुरंग पानी की ऊपरी परत से 5 से 8 मीटर नीचे होगी.

पानी और कंपन से बचाव की तकनीक

गीली मिट्टी और भारी जलदाब के कारण पानी भरने का जोखिम निर्माण की बड़ी चुनौती है. इससे निपटने के लिए स्लरी-बेस्ड मिक्स-शील्ड TBM का इस्तेमाल किया जा रहा है. खुदाई के साथ कंक्रीट रिंग सेगमेंट और वाटरप्रूफ सीलिंग लगाई जा रही है.

विक्रोली से BKC के बीच आबादी, इमारतों और फ्लाईओवरों पर कंपन का असर कम रखने के लिए TBM की गति 4 RPM पर निर्धारित की गई है. जमीन पर लगाए गए रियल-टाइम सेटलमेंट सेंसर चौबीसों घंटे हलचलों की निगरानी कर रहे हैं.