नवी मुंबई के वाशी सेक्टर-18 में रविवार रात एक ऑयल कंपनी के परिसर में भीषण आग लग गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग करीब रात 9 बजे भड़की और ज्वलनशील पदार्थों के कारण तेजी से फैल गई. कुछ ही देर में पास की प्लाईवुड और कूरियर कंपनी भी इसकी चपेट में आ गईं.
आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया. इससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया. राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने या किसी व्यक्ति के अंदर फंसे होने की सूचना नहीं है.
सूचना मिलने के बाद नवी मुंबई फायर ब्रिगेड की 10 से 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकलकर्मियों ने चारों तरफ से पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया. आग बुझाने और इसके बाद कूलिंग ऑपरेशन का काम रात भर जारी रहा.
आग लगने की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस घटना की जांच करेंगे. शुरुआती आकलन में तीनों कंपनियों में रखा करोड़ों रुपये का सामान जलने की आशंका जताई गई है, हालांकि नुकसान का आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है.
