महाराष्ट्र के पालघर जिले में शनिवार तड़के दो मकानों की दीवारों के बीच फंसे 70 वर्षीय व्यक्ति को अग्निशमन दल ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया. घटना नवली इलाके के भिमाई नगर की बताई गई है.

पालघर निवासी विनोद विष्णु जाधव दोनों घरों की दीवारों के बीच बनी ऐसी जगह में फंस गए थे, जिसकी चौड़ाई एक फुट से भी कम थी. सूचना मिलने के बाद पालघर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का आकलन किया.

अग्निशमन कर्मियों ने पाया कि इतनी संकरी जगह से सीधे बचाव करना संभव नहीं था. इसके बाद टीम ने एक मकान की दीवार तोड़कर व्यक्ति तक पहुंचने का रास्ता बनाया. बचाव अभियान के बाद जाधव को सुरक्षित बाहर निकाला गया.

उन्हें चिकित्सकीय जांच और उपचार के लिए पालघर सरकारी अस्पताल ले जाया गया. अभियान में लीडिंग फायरमैन रुचित दवणे, चालक निलेश पाटील और फायरमैन संकेत पाटील, रुपेश पमाले तथा मोहनिश पगधारे शामिल रहे.