महाराष्ट्र के पालघर जिले के जव्हार तालुका में एक आश्रम स्कूल के पांच छात्र सड़क हादसे का शिकार हो गए. हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. घटना 19 अक्टूबर की तड़के करीब 2:30 से 3 बजे के बीच कोंगड़ी घाट इलाके में हुई.

पुलिस के अनुसार, छात्र पास के सरसून गांव में नवरात्रि मेले में शामिल होने के लिए छात्रावास से चुपके से निकल गए थे. लौटते समय पांचों एक ही दोपहिया वाहन पर सवार थे. वाहन सड़क किनारे बने गड्ढे में गिर गया. मृतकों की पहचान सुमित मोटीराम भिंगल और प्रीतम गणेश पोटिंडा के रूप में हुई है.

हादसे के बाद घायलों को पहले जव्हार के अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए नासिक के अस्पताल में भेजा गया.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

जांच में सामने आया कि छात्रावास में गैर-आवासीय छात्रों को भी प्रवेश दिया जा रहा था और परिसर के CCTV कैमरे पहले से बंद थे. इस मामले में स्कूल के प्रधानाचार्य, वार्डन और रात में तैनात चौकीदार को निलंबित कर दिया गया है. संबंधित अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन और अन्य जिम्मेदार लोगों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए हैं.

एक स्थानीय संगठन ने स्कूल प्रबंधन और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है.