महाराष्ट्र के पालघर जिले में कंटेनर ट्रक की चपेट में आने से 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई. हादसा कुडूस इलाके में गुरुवार सुबह करीब 11:40 बजे हुआ और इसकी तस्वीरें CCTV में कैद हुई हैं.
मृतका की पहचान खारिवली निवासी अंकिता जाधव के रूप में हुई है. वह Activa स्कूटर से जा रही थीं, तभी पीछे से आ रहे कंटेनर ट्रक ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी. हादसे में ट्रक का टायर उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं.
घायल अंकिता को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. उपलब्ध CCTV दृश्यों में स्कूटर ट्रक के आगे दिखाई देता है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुडूस इलाके में हाईवे पर कंक्रीटिंग का काम चल रहा है और यातायात को एक ही लेन में नियंत्रित किया जा रहा है. इससे अक्सर जाम की स्थिति बन रही है. लोगों ने निर्माण स्थल पर पर्याप्त संकेतक, बैरिकेड और यातायात प्रबंधन कर्मियों की कमी पर सवाल उठाए हैं.
