महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ के पिंपळे गुरव इलाके में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में उसके दोस्त विष्णु उर्फ पिंट्या तानाजी कुंभार को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को रामकृष्ण मंगल कार्यालय से काटेपुरम चौक के बीच श्रीनगर लेन नंबर 3 के पास कचरे में एक बोरे से घुटनों के नीचे से काटे गए दो पैर मिले थे.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सफाईकर्मियों ने बोरे में खून के निशान देखकर पुलिस को सूचना दी. जांच के दौरान बोरे से मिला सिम कार्ड कवर पुलिस के लिए अहम सुराग बना. इसके आधार पर मृतक की पहचान अनिल खाड़े के रूप में हुई और जांच आरोपी तक पहुंची.

पुलिस के मुताबिक, अनिल और विष्णु साथ में शराब पी रहे थे, तभी दोनों में विवाद हुआ. आरोप है कि विष्णु ने लोहे की वस्तु से अनिल के सिर पर हमला किया और बाद में कोयते से उसके दोनों पैर काटकर बोरे में भर दिए. पुलिस ने आरोपी के घर से शव के बाकी हिस्से मिलने की बात कही है. मामले में सांगवी पुलिस आगे की जांच कर रही है.