पुणे के जनता वसाहत इलाके में 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के मामले में उनके 46 वर्षीय बेटे को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर को पारिवारिक विवाद के दौरान रामचंद्र होडे ने अपने पिता जगन्नाथ होडे के सिर पर घर में रखे फावड़े से कथित तौर पर वार किया था.

हमले में जगन्नाथ होडे गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए पुणे के ससून अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बाद में परिवार उन्हें आगे के उपचार के लिए चिपळूण ले गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

मौत की सूचना चिपळूण पुलिस ने पुणे पुलिस को दी. इसके बाद पर्वती थाने में रामचंद्र होडे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस के मुताबिक, होडे परिवार मूल रूप से चिपळूण का रहने वाला है और पुणे की जनता वसाहत में रह रहा था. जगन्नाथ होडे सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते थे. मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक प्रकाश खिलारी कर रहे हैं.