महाराष्ट्र के पुणे में बुधवार को बस स्टॉप पर खड़े छात्रों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे में तीन छात्रों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल बताए गए हैं. घटना येवलेवाड़ी क्षेत्र में कॉलेज के मुख्य गेट के सामने हुई.
पुलिस के अनुसार, ट्रक बोपदेव घाट की ओर से नीचे आ रहा था और उसमें डीजे का सामान लदा था. शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रक ने पहले आगे चल रही एक हुंडई कार को टक्कर मारी. इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे बने बस स्टॉप की ओर जा घुसा, जहां छात्र बस का इंतजार कर रहे थे.
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में सफेद ट्रक को अन्य वाहनों को ओवरटेक करते हुए तेज गति से आगे बढ़ते देखा जा सकता है. बस स्टॉप से टकराने के बाद ट्रक कुछ समय के लिए असंतुलित हुआ, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका. ट्रक के साथ चल रहा एक ऑटो-रिक्शा भी नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रही कार से टकराने से बच गया.
पुलिस ने 22 वर्षीय चालक प्रतीक मारुति चव्हाण को हिरासत में लिया है. वह पुरंदर के मालशिरस का रहने वाला बताया गया है. उसे चिकित्सकीय जांच के लिए ससून अस्पताल भेजा गया. पुलिस की प्रारंभिक जांच में तेज गति को हादसे की वजह माना जा रहा है और मामले की आगे जांच जारी है.
