पुणे में ‘बिग बॉस मराठी’ से जुड़ीं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दिव्या शिंदे और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ एक रिटायर्ड सरकारी डॉक्टर से कथित मारपीट और 5 लाख रुपये मांगने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत जांच शुरू की है.

शिकायतकर्ता की पहचान 65 वर्षीय डॉ. विद्याधर गायकवाड़ के रूप में हुई है. वह 2021 में पुणे कैंटोनमेंट अस्पताल से मेडिकल ऑफिसर के पद से रिटायर हुए थे और एक सामाजिक संस्था से जुड़े हैं. शिकायत के मुताबिक, एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रचार का लाभ मिलने का दावा करते हुए उनसे 5 लाख रुपये मांगे गए. परिवार के एक सदस्य ने आरोप लगाया कि डॉक्टर ने करीब 50 हजार रुपये डिजिटल भुगतान के जरिए दिए थे, लेकिन उनसे और रकम मांगी जाती रही.

एफआईआर के अनुसार, 17 सितंबर को कुछ लोग डॉक्टर के घर पहुंचे थे. 23 सितंबर को कथित तौर पर उन्हें धमकी दी गई. इसके बाद गुरुवार रात करीब 8:30 बजे आरोपी उनके घर पहुंचे और लकड़ी की छड़ी, बेल्ट तथा धातु के बर्तन से हमला किया. घर में तोड़फोड़ और डॉक्टर के बेटे को धमकाने का भी आरोप है.

पुलिस के अनुसार, डॉक्टर का इलाज पुणे के ससून जनरल अस्पताल में चल रहा है. जांचकर्ताओं ने आवासीय परिसर की CCTV फुटेज हासिल की है. आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अदालत में होनी बाकी है.