पुणे के गहुंजे इलाके में एक किराये के फ्लैट से 34 वर्षीय मुग्धा देशमुख का शव मिला है. पुलिस के अनुसार, मुग्धा के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं. मौत की सटीक वजह पता लगाने के लिए विसरा सुरक्षित किया गया है. मामले की जांच जारी है.

मुग्धा मूल रूप से छत्रपति संभाजीनगर की रहने वाली थीं. वह जुलाई 2025 में MBA की पढ़ाई के लिए ब्रिटेन गई थीं और वहां अकेली रहकर पार्ट-टाइम काम करती थीं. पुलिस के मुताबिक, उन्होंने अगस्त के अंत में भारत लौटने की बात परिवार से छिपाई थी. अप्रैल में उन्होंने गहुंजे स्थित Lodha Belmondo परिसर में फ्लैट किराये पर लिया था, लेकिन वहां अगस्त के बाद रहना शुरू किया.

परिवार के अनुसार, 24 अक्टूबर को मुग्धा से फोन और संदेशों के जरिए संपर्क नहीं हो सका. उनका मोबाइल फोन भी बंद था. परिवार ने लंदन में रहने वाली उनकी एक दोस्त से संपर्क किया. दोस्त ने बताया कि उसने मुग्धा से आखिरी बार 22 अक्टूबर को संदेशों पर बात की थी. इसके बाद दोस्त ने लंदन पुलिस को उनके लापता होने की सूचना दी. वहां से परिवार को पता चला कि मुग्धा अगस्त के अंत में ब्रिटेन छोड़ चुकी थीं.

परिवार ने भारतीय अधिकारियों और भारतीय उच्चायोग से भी सहायता मांगी. मुग्धा के पिता अविनाश देशमुख ने बैंक स्टेटमेंट की जांच की तो 8 से 25 अक्टूबर के बीच फूड डिलीवरी और ऑनलाइन सेवाओं से जुड़े कई लेनदेन मिले. इनमें से एक लेनदेन छत्रपति संभाजीनगर के उस्मानपुरा इलाके से जुड़ा बताया गया. इसके बाद परिवार ने छत्रपति संभाजीनगर क्राइम ब्रांच से संपर्क किया.

पुलिस ने लोकेशन के आधार पर गहुंजे स्थित फ्लैट का पता लगाया. शिरगांव पुलिस के वरिष्ठ निरीक्षक देवेंद्र चव्हाण के अनुसार, पुलिस ने चाबी बनाने वाले की मदद से फ्लैट में प्रवेश किया और मुग्धा को मृत पाया. मौत का कारण पोस्टमॉर्टम और विसरा जांच के बाद स्पष्ट होगा.