पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट रविवार सुबह उड़ान भरने के कुछ देर बाद तकनीकी खराबी के कारण पुणे लौट आई. विमान का लैंडिंग गियर अंदर नहीं जा सका और बाहर ही रह गया. पायलट ने इसकी जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को दी, जिसके बाद पुणे एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित की गई.

विमान में यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत 192 लोग सवार थे. एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है. संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और अन्य बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया था.

रनवे के ऊपर से जांच के बाद सुरक्षित लैंडिंग

लैंडिंग से पहले विमान को रनवे के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ाया गया, ताकि यह देखा जा सके कि लैंडिंग गियर सही तरीके से खुला है या नहीं. इसके बाद विमान ने सुबह 9:04 बजे पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की.

लैंडिंग के बाद तीन दमकल गाड़ियों और दो एंबुलेंस की मदद से विमान को बे नंबर-7 पर ले जाया गया. विमान की स्थिति सुरक्षित मिलने के बाद सुबह 9:10 बजे इमरजेंसी हटा दी गई. इसके बाद एयरोब्रिज लगाया गया और सभी यात्रियों को विमान से बाहर निकाला गया.

यात्रियों के लिए दूसरे विमान की तैयारी

इंडिगो यात्रियों को गुवाहाटी पहुंचाने के लिए बेंगलुरु से दूसरा विमान पुणे भेजने की तैयारी कर रही थी.

लैंडिंग गियर विमान के पहियों और उन्हें संभालने वाले हिस्से को कहा जाता है. उड़ान भरने के बाद ये विमान के अंदर चले जाते हैं, जबकि लैंडिंग से पहले इन्हें फिर बाहर निकाला जाता है. इस मामले में गियर अंदर नहीं जा सका, इसलिए पायलट ने उड़ान जारी रखने के बजाय विमान को पुणे वापस लाने का फैसला किया.