पुणे के हिंजवडी इलाके में 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर को कथित तौर पर पीटकर मार डालने के आरोप में उसके 30 वर्षीय साथी को हिरासत में लिया गया है. पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार तड़के एक पेइंग गेस्ट (PG) आवास के कमरे में हुई. आरोपी ने घटना के कुछ घंटे बाद पुलिस हेल्पलाइन 112 पर फोन कर महिला को अपना दोस्त बताते हुए उसके बेहोश होने की सूचना दी और एंबुलेंस भेजने को कहा.
मृतका की पहचान विदर्भ के वर्धा जिले की रहने वाली कोमल डहाले के रूप में हुई है. आरोपी की पहचान बुलढाणा जिले के शुंभम कालबांडे के तौर पर की गई है. दोनों हिंजवडी की अलग-अलग आईटी कंपनियों में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और पड़ोसी इमारतों में PG के तौर पर रहते थे. पुलिस के मुताबिक, दोनों करीब साढ़े तीन साल से रिश्ते में थे और परिवारों ने उनकी शादी को मंजूरी दे दी थी.
पुलिस का कहना है कि पिछले दो-तीन महीनों से दोनों के बीच कई मुद्दों पर विवाद हो रहा था. रविवार रात साथ में खाना खाने के बाद दोनों महिला के कमरे में लौटे. रात करीब साढ़े 12 बजे बहस शुरू हुई और तड़के करीब 3 से 3:30 बजे कथित तौर पर मारपीट में बदल गई. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला को कई बार मुक्का मारा और उसका सिर दीवार से टकराया.
आरोपी ने सुबह करीब 6 से 6:30 बजे 112 पर कॉल किया. पुलिस टीम PG पहुंची और महिला को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
महिला की मां के कई बार फोन करने पर जवाब नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने सुस इलाके में रहने वाले उसके रिश्तेदार से संपर्क किया, जिसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. हिंजवडी थाने में मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने बताया कि जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि कानूनी प्रक्रिया के तहत होगी.
