महाराष्ट्र के पुणे में 34 वर्षीय मुग्धा अविनाश देशमुख का शव उनके किराए के फ्लैट से मिला है. मुग्धा मूल रूप से छत्रपति संभाजीनगर की रहने वाली थीं और MBA की पढ़ाई के लिए जुलाई 2025 में UK गई थीं. पुलिस के मुताबिक, उनके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं. मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है.

मुग्धा अगस्त के आखिर में UK से भारत लौट आई थीं और पुणे में रहने लगी थीं. उन्होंने परिवार को इसकी जानकारी नहीं दी थी. उनके माता-पिता को कई महीनों तक यही पता था कि वह लंदन में पढ़ाई कर रही हैं. परिवार उनसे फोन और मैसेज के जरिए संपर्क करता था.

24 अक्टूबर को मुग्धा का फोन बंद मिला और परिवार उनसे संपर्क नहीं कर सका. इसके बाद उनके पिता अविनाश देशमुख ने लंदन में रहने वाली मुग्धा की एक दोस्त से बात की. दोस्त ने बताया कि उसने मुग्धा से आखिरी बार 22 अक्टूबर को बात की थी. इसके बाद लंदन पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत की गई. जांच में पता चला कि मुग्धा अगस्त के अंत में ही UK छोड़ चुकी थीं.

परिवार ने भारतीय अधिकारियों और भारतीय उच्चायोग से भी मदद मांगी. पिता ने मुग्धा के बैंक खाते की जांच की तो 8 से 25 अक्टूबर के बीच फूड डिलीवरी और ऑनलाइन सर्विस प्लेटफॉर्म के कई ट्रांजैक्शन मिले. इनमें छत्रपति संभाजीनगर के उस्मानपुरा इलाके का एक ट्रांजैक्शन भी था. इसके आधार पर परिवार ने छत्रपति संभाजीनगर क्राइम ब्रांच से संपर्क किया.

पुलिस ने बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य जानकारी के आधार पर मुग्धा की लोकेशन पुणे के गहुंजे स्थित लोढ़ा बेलमोंडो कॉम्प्लेक्स में ट्रेस की. सूचना मिलने पर शिरगांव पुलिस फ्लैट पर पहुंची. दरवाजा बंद था, जिसे ताला खोलने वाले की मदद से खुलवाया गया. अंदर मुग्धा का शव मिला.

पुलिस के अनुसार, मुग्धा ने यह फ्लैट अप्रैल में किराए पर लिया था और UK से लौटने के बाद अगस्त में यहां रहना शुरू किया था. मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच जारी है.