महाराष्ट्र के पुणे जिले के गहूंजे इलाके में एक किराए के फ्लैट से 34 वर्षीय मुग्धा अच्युत देशमुख का शव मिला है. मुग्धा छत्रपति संभाजीनगर की रहने वाली थीं और जुलाई 2025 में MBA की पढ़ाई के लिए UK गई थीं. पुलिस के अनुसार, वह अगस्त में भारत लौट आईं और पुणे में रहने लगीं, लेकिन इसकी जानकारी अपने परिवार को नहीं दी.

परिवार को कई महीनों तक लगता रहा कि मुग्धा लंदन में हैं. 24 अक्टूबर को उनका फोन बंद मिला और संपर्क नहीं हो सका. इसके बाद उनके पिता ने लंदन में रहने वाली मुग्धा की एक दोस्त से बात की. दोस्त ने बताया कि उसकी मुग्धा से आखिरी बातचीत 22 अक्टूबर को हुई थी. लंदन पुलिस से संपर्क करने पर परिवार को पता चला कि मुग्धा अगस्त के अंत में ही UK छोड़ चुकी थीं.

इसके बाद परिवार ने भारतीय अधिकारियों और भारतीय हाई कमीशन से मदद मांगी. बैंक खाते की जांच में 8 से 25 अक्टूबर के बीच भारत में कई ऑनलाइन लेनदेन मिले. Zomato, Blinkit और Swiggy जैसी सेवाओं पर हुए भुगतान और छत्रपति संभाजीनगर के उ उस्मानपुरा इलाके के एक लेनदेन से परिवार को उनके भारत में होने का संदेह हुआ. परिवार ने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया और अपहरण की शिकायत दर्ज कराई.

छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने बैंक लेनदेन और अन्य जानकारी के आधार पर मुग्धा का संभावित ठिकाना पुणे के लोढ़ा बेलमोंडो कॉम्प्लेक्स में पता किया. सूचना मिलने पर पिंपरी-चिंचवड़ की शिरगांव पुलिस फ्लैट पर पहुंची. दरवाजा बंद था, जिसे ताला खोलने वाले की मदद से खोला गया. अंदर मुग्धा का शव मिला.

पुलिस के अनुसार, मुग्धा ने फ्लैट अप्रैल में किराए पर लिया था और UK से लौटने के बाद अगस्त में वहां रहने लगी थीं. शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं. पुलिस ने प्राथमिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई है, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला. आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और आगे की जांच के बाद स्पष्ट होगा.