महाराष्ट्र के पुणे जिले में MIT कॉलेज की 19 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा करीब 12 घंटे तक कॉलेज की लिफ्ट में फंसी रही. उसे गुरुवार सुबह करीब 7 बजे पांचवीं मंजिल पर लिफ्ट के भीतर से सुरक्षित बाहर निकाला गया.

पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच हुई. छात्रा कक्षाएं खत्म होने के बाद कॉलेज से निकल रही थी और पांचवीं मंजिल से नीचे आने के लिए लिफ्ट में गई थी. लोणी कालभोर के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक समाधान पवार ने बताया कि बार-बार बिजली बाधित होने के बाद लिफ्ट रुक गई. उस समय परिसर में कोई अन्य छात्र मौजूद नहीं था, इसलिए घटना तत्काल सामने नहीं आ सकी.

रातभर कॉलेज और आसपास तलाश

जब छात्रा रात तक घर नहीं पहुंची तो उसके माता-पिता और उसकी बहन, जो उसी कॉलेज में पढ़ती है, उसकी तलाश करने लगे. परिवार ने रात करीब 9 बजे लोणी कालभोर पुलिस थाने में गुमशुदगी की सूचना दी. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की.

पुलिसकर्मियों ने कॉलेज परिसर, आसपास की इमारतों और नजदीकी क्षेत्रों में रातभर खोजबीन की. तलाश सुबह करीब 5 बजे तक जारी रही. इसके बाद छात्रा कॉलेज की पांचवीं मंजिल पर बंद लिफ्ट के अंदर मिली.

छात्रा के सुरक्षित मिलने के बाद उसके माता-पिता ने पुलिस को बताया कि उन्हें कोई शिकायत नहीं है. हालांकि, पुलिस ने कॉलेज प्रबंधन को पत्र भेजकर लिफ्ट की सुरक्षा और संचालन व्यवस्था के बारे में जानकारी मांगी है. पुलिस ने यह भी पूछा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं और लिफ्ट में किन सुधारों की जरूरत है.