महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) में पेपर लीक और कथित अनियमितताओं की जांच के लिए समिति गठित किए जाने के बाद अभ्यर्थियों ने पुणे में दस दिन से चल रहा आंदोलन समाप्त कर दिया. प्रदर्शन रविवार देर रात एसएम जोशी ब्रिज पर खत्म हुआ. आंदोलन के दौरान अभ्यर्थी आयोग के अध्यक्ष विवेक भीमनावर को पद से हटाने की मांग कर रहे थे.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले के नेतृत्व में राज्य सरकार का प्रतिनिधिमंडल प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने पहुंचा. सरकार ने बताया कि पूर्व जज दिलीप भोसले की अध्यक्षता में जांच समिति बनाई गई है. वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे को समिति का सचिव बनाया गया है.

समिति में आईपीएस अधिकारी लक्ष्मी गौतम, पूर्व आईएएस अधिकारी गणेश पाटिल और सेवानिवृत्त जज पी.डी. नाईक भी शामिल हैं. अभ्यर्थियों की मांग थी कि जांच पूरी होने तक MPSC अध्यक्ष को कामकाज से दूर रखा जाए. रिपोर्ट के मुताबिक, NCP (SP) विधायक रोहित पवार ने यह प्रस्ताव रखा. इसके बाद मंत्री भोसले ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बातचीत कर सरकार की सहमति की जानकारी दी. अभ्यर्थी प्रतिनिधि विवेकानंद पाटिल ने आंदोलन वापस लेने की घोषणा की.

आंदोलन समाप्त होने के बाद विवेक भीमनावर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अवकाश पर जाने की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि न्यायिक जांच पूरी होने तक पद पर बने रहने के बजाय उन्होंने छुट्टी पर जाने का फैसला किया है.

सरकार की ओर से प्रदर्शनकारियों और उनके प्रतिनिधियों पर दर्ज मामले वापस लेने, अगले तीन वर्षों में 70,000 रिक्त पदों पर पारदर्शी भर्ती पूरी करने और जनवरी में प्रस्तावित Group C परीक्षा में सीटें बढ़ाने का आश्वासन भी दिया गया है. MPSC अध्यक्ष और सचिव की नियुक्ति से पहले बैकग्राउंड चेक कराने की बात भी कही गई है. अब अभ्यर्थियों की नजर जांच समिति की कार्रवाई और भर्ती सुधारों के क्रियान्वयन पर है.