पुणे में महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे छात्रों के आंदोलन पर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिस ने 51 छात्रों और 29 निजी कोचिंग क्लास तथा अध्ययन केंद्र संचालकों को नोटिस जारी किए हैं.
आंदोलन एस. एम. जोशी पुल और पत्रकार भवन के पास चल रहा है. पुलिस ने इसे बिना अनुमति जारी प्रदर्शन बताते हुए स्थल तत्काल खाली करने का आदेश दिया है. अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शन के कारण यातायात और आम नागरिकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है तथा भीड़ के चलते कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा होने की आशंका है.
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वैकल्पिक स्थल के रूप में जिला कलेक्टर कार्यालय के पीछे निर्धारित जगह का सुझाव दिया है. अन्य स्थानों पर सीमित अवधि के आंदोलन के लिए अनुमति पर विचार करने की बात भी कही गई है.
छात्र एमपीएससी की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, भर्ती प्रक्रिया में जवाबदेही और आयोग के अध्यक्ष विवेक भीमनवार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. यह आंदोलन मार्च 2026 में हुई ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा से जुड़े कथित प्रश्नपत्र लीक विवाद के बाद तेज हुआ है. पुलिस के आदेश के बावजूद प्रदर्शनकारी आंदोलन जारी रखने पर अड़े रहे.
