महाराष्ट्र के पुणे में 34 वर्षीय मुग्धा अविनाश देशमुख का शव एक फ्लैट से सड़ी-गली हालत में मिला है. परिवार को जानकारी थी कि मुग्धा लंदन में MBA की पढ़ाई कर रही हैं, लेकिन पुलिस के मुताबिक वह अगस्त में ही लंदन छोड़ चुकी थीं और पुणे की लोढ़ा सोसायटी में रह रही थीं. उनकी मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है.
पुलिस के अनुसार, मुग्धा के पिता अविनाश देशमुख ने छत्रपति संभाजीनगर के थाने में बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. परिवार की 23 अक्टूबर को मुग्धा से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी. बातचीत के दौरान उन्होंने किसी जगह इंटरव्यू होने की बात कही और जल्दबाजी में फोन रख दिया. इसके बाद उनका मोबाइल लगातार बंद आने लगा.
परिवार ने लंदन में रहने वाली मुग्धा की दोस्त निकिता से संपर्क किया. दोस्त ने लंदन पुलिस से जानकारी मांगी, जहां से पता चला कि मुग्धा अगस्त में ही लंदन छोड़ चुकी थीं. इसके बाद परिवार ने बैंक स्टेटमेंट और अन्य जानकारियों की जांच की. इससे उनके पुणे में रहने का पता चला.
परिजन छत्रपति संभाजीनगर पुलिस के साथ पुणे पहुंचे. पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस की शिरगांव टीम की मदद से फ्लैट तक पहुंचने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला. फोन पर भी कोई जवाब नहीं आया. पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां मुग्धा का शव मिला.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम से भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मुग्धा अगस्त में पुणे क्यों आईं, परिवार को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी और 23 अक्टूबर के बाद उनके साथ क्या हुआ.
