महाराष्ट्र सरकार ने समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले के पुणे स्थित पूर्व आवास ‘फुलेवाड़ा’ के समग्र विकास के लिए ₹230 करोड़ की योजना को मंजूरी दी है. यह फैसला महात्मा फुले की 200वीं जयंती से पहले लिया गया है.

राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के अनुसार, परियोजना में फुलेवाड़ा परिसर का सौंदर्यीकरण और आवश्यक अतिरिक्त भूमि का अधिग्रहण शामिल है. निर्णय अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से संबंधित मंत्रिमंडल की उप-समिति की विशेष बैठक में लिया गया.

बैठक में पुणे के भिडेवाड़ा स्थित उस स्मारक का काम तीन सप्ताह में पूरा करने का निर्देश भी दिया गया, जहां सावित्रीबाई फुले ने लड़कियों के लिए पहला स्कूल शुरू किया था.

सरकार ने महाराष्ट्र के सभी 36 जिलों में 500-500 विद्यार्थियों की क्षमता वाले ओबीसी छात्रावास बनाने का फैसला किया है. इनके लिए राजस्व विभाग एक रुपये की नाममात्र दर पर जमीन उपलब्ध कराएगा.

इसके अलावा, विमुक्त जाति और घुमंतु जनजाति का बजट ओबीसी बजट से अलग करने, ओबीसी आरक्षण के 27 प्रतिशत रिक्त पदों का बैकलॉग भरने और ‘महाज्योति’ संस्था का विस्तार करने के फैसले भी बैठक में लिए गए.