पुणे महानगरपालिका (PMC) ने शहर में अतिक्रमण विरोधी अभियान तेज करते हुए छह प्रशासनिक जोन में करीब 2 लाख वर्गफुट सार्वजनिक और अतिक्रमित जगह खाली कराई है. कार्रवाई सड़क, फुटपाथ और इमारतों के आगे-पीछे की निर्धारित जगहों पर किए गए अवैध निर्माण और कब्जों के खिलाफ की जा रही है.
सबसे बड़ी कार्रवाई जोन-1 में हुई, जहां हांडेवाड़ी रोड और हांडेवाड़ी चौक के आसपास करीब 67,500 वर्गफुट जगह खाली कराई गई. शहर के अन्य हिस्सों में भी निगम की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं.
निगम अधिकारियों के अनुसार, अभियान कम से कम दो महीने तक जारी रखने की योजना है. पार्किंग की जगह का इस्तेमाल केवल निर्धारित उद्देश्य के लिए करने की हिदायत भी दी गई है.
इस कार्रवाई का व्यापारियों और दुकानदारों के एक वर्ग ने विरोध किया है. उनका कहना है कि अभियान से छोटे कारोबारियों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है और इसे रोकने की मांग की गई है. निगम ने हालांकि सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई जारी रखने के संकेत दिए हैं.
