महाराष्ट्र के पुणे में शिवाजीनगर सेशन कोर्ट के बाहर सोमवार दोपहर मंदार मारुति किवले पर जानलेवा हमला किया गया. घटना करीब 1:15 बजे की बताई जा रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब चार हमलावरों ने किवले को घेरकर धारदार हथियारों से वार किए.
चश्मदीदों के मुताबिक, किवले कोर्ट के गेट नंबर-4 की ओर से भाग रहे थे और कुछ हथियारबंद लोग उनका पीछा कर रहे थे. हमले में उनके हाथ और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
गोली चलने की सूचना, डॉक्टरों को नहीं मिले निशान
घटना के तुरंत बाद हमलावरों की ओर से फायरिंग की बात सामने आई थी. हालांकि, पुणे पुलिस के डीसीपी क्राइम के अनुसार, इलाज कर रहे डॉक्टरों ने किवले के शरीर पर गोली लगने के निशान नहीं पाए हैं. पुलिस ने घटनास्थल से दो हथियार बरामद किए हैं.
पुलिस के मुताबिक, हमले में शामिल संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं. जांच एजेंसियां हमले की पूरी साजिश और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगा रही हैं.
भाई की हत्या से जुड़ी पुरानी रंजिश की जांच
जांच में हमले के पीछे पुरानी दुश्मनी की आशंका सामने आई है. पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी के तौर पर पुणे के कात्रज इलाके के अक्षय चव्हाण का नाम सामने आया है. बताया जा रहा है कि अक्षय के भाई की करीब दो साल पहले हत्या हुई थी और मंदार किवले उस मामले में आरोपी थे.
पुलिस इस आशंका की भी जांच कर रही है कि हमले के लिए 10 से 15 लोगों को सुपारी दी गई थी. इन लोगों के अंबेगांव इलाके में रातभर रुकने की बात सामने आई है. किवले के खिलाफ 2025 में हत्या का मामला दर्ज हुआ था और वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए थे.
अदालत परिसर के बाहर दिनदहाड़े हुए इस हमले ने कोर्ट सुरक्षा और पुणे की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं.
