पुणे की MIT-ADT University में 19 वर्षीय छात्रा करीब 14 घंटे तक लिफ्ट के अंदर फंसी रही. शुक्रवार सुबह बिजली बहाल होने के बाद तकनीशियनों ने लिफ्ट चालू की तो छात्रा केबिन में सोती हुई मिली. इसके बाद वह अपने माता-पिता के साथ घर चली गई.

घटना गुरुवार शाम करीब 4 बजे की है. कंप्यूटर इंजीनियरिंग की छात्रा कक्षाएं खत्म होने के बाद लिफ्ट में दाखिल हुई थी. लिफ्ट चौथी और पांचवीं मंजिल के बीच रुक गई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बिजली आपूर्ति कुछ ही मिनटों में कई बार बाधित हुई, जिसके बाद लिफ्ट एरर मोड में चली गई.

विश्वविद्यालय के एक अधिकारी के मुताबिक, परिसर में बैकअप जनरेटर और ऑटोमैटिक रेस्क्यू डिवाइस मौजूद है. बिजली जाने की स्थिति में इस व्यवस्था से लिफ्ट के ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचकर दरवाजा खुलने की उम्मीद होती है, लेकिन इस मामले में यह प्रणाली काम नहीं कर सकी. अधिकारियों ने बताया कि लिफ्ट शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे फिर चालू हुई.

छात्रा ने कथित तौर पर मदद के लिए अलार्म स्विच कई बार दबाया और आवाज भी लगाई, लेकिन कोई उसकी मदद के लिए नहीं पहुंचा. लिफ्ट के अंदर नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने के कारण वह किसी को कॉल या संदेश नहीं भेज सकी. उसका मोबाइल फोन गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे बंद हो गया था. बिजली कटौती के कारण अंधेरे में लगे CCTV कैमरे भी उसे नहीं देख सके.

जब छात्रा गुरुवार शाम वाघोली स्थित घर नहीं पहुंची तो उसके माता-पिता ने फोन किया. रात करीब 8 बजे वे विश्वविद्यालय पहुंचे और दोस्तों तथा परिसर में उसकी तलाश की. बाद में पुलिस को सूचना दी गई. लोन‍ी कलभोर थाने के वरिष्ठ निरीक्षक समाधान पवार के अनुसार, पुलिस ने मोबाइल की आखिरी लोकेशन के आधार पर परिसर में तलाश की, जो रात करीब 3 बजे तक चली. टीम ने इमारत की तीसरी मंजिल तक तलाशी ली, लेकिन लिफ्ट की जांच नहीं की गई.

पुलिस ने गुमशुदगी के मामले में लागू सरकारी अधिसूचना के तहत FIR दर्ज की थी. छात्रा मिलने के बाद उसके माता-पिता ने FIR रद्द करने का अनुरोध किया है. पुलिस ने उनका बयान लिया है और मामले को अदालत के समक्ष रखने की बात कही है.

पुलिस ने विश्वविद्यालय से पूछा है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे और जिम्मेदारी किसकी होगी. विश्वविद्यालय प्रशासन ने लिफ्ट रखरखाव कंपनी से तकनीकी खराबी और आपातकालीन बचाव प्रणाली के सक्रिय न होने पर विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा है.