पुणे में चालान जारी करने और टोइंग की कार्रवाई रुकने के बाद ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और जाम की समस्या बढ़ने की खबर है. पिछले दो दिनों में शहर की कई सड़कों पर बेतरतीब पार्किंग, दोपहिया वाहनों पर तीन लोगों की सवारी, गलत दिशा में वाहन चलाने और वन-वे व नो-एंट्री नियमों के उल्लंघन के मामले देखे गए.

JM रोड, FC रोड, सतारा रोड, सिंहगढ़ रोड, आलंदी रोड और पुराने शहर के इलाकों में बार-बार जाम की स्थिति बनी. कुछ प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की कमी के कारण नागरिकों को खुद यातायात संभालने की कोशिश करते देखा गया.

पुणे ट्रैफिक पुलिस के उपायुक्त संदीप भाजीभाकरे ने कहा कि सतारा रोड, कर्वे रोड, JM रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर अलग-अलग वजहों से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है. उनके अनुसार, फेस्टिवल मार्केट और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के कारण मार्केट यार्ड, पुराने शहर और गणेशखिंड रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ी है.

भाजीभाकरे ने बताया कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी महत्वपूर्ण चौराहों पर तैनात हैं और अन्य सड़कों पर उनकी मौजूदगी जल्द बढ़ाई जाएगी. उन्होंने यह भी पुष्टि की कि ट्रैफिक कर्मचारियों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली चालान मशीनें अनियमितताओं का पता चलने के बाद करीब दो महीने पहले वापस ले ली गई थीं.

टोइंग वैन का इस्तेमाल भी फिलहाल रोक दिया गया है. पुलिस के अनुसार, नो-पार्किंग या बेतरतीब खड़े वाहनों को हटाने की कार्रवाई नहीं हो पा रही है, जिससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है.

फील्ड स्टाफ अब CCTV कैमरों और पुणे ट्रैफिक पुलिस ऐप के जरिए ऑनलाइन कार्रवाई कर रहा है. हालांकि, पुलिस से जुड़े एक अधिकारी के अनुसार, यह व्यवस्था वाहन चालकों पर मौके पर होने वाली कार्रवाई जैसा प्रभाव नहीं डाल रही है.

सतारा रोड के एक commuter ने बताया कि उनका सामान्य 15-20 मिनट का सफर अब करीब 30 मिनट का हो गया है. सिंहगढ़ रोड के एक अन्य निवासी ने चौराहों और सड़कों पर ट्रैफिककर्मियों की कमी की शिकायत की.