महाराष्ट्र के पुणे जिले के शिक्रापुर निवासी 23 वर्षीय अभिषेक नामदेव करकांबे की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शव को बीड जिले के आष्टी तहसील क्षेत्र में फेंक दिया गया. मामले में अभिषेक के दो दोस्तों को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी अभिषेक के घर पहुंचे और उसे बाहर जाने के बहाने अपने साथ ले गए. आरोप है कि इसके बाद उन्होंने उसका गला घोंट दिया और शव को चार पहिया वाहन से करीब 200 किलोमीटर दूर बीड जिले के कनिफनाथ घाट क्षेत्र में ले जाकर झाड़ियों में फेंक दिया. यह इलाका बीड-अहिल्यानगर राज्य राजमार्ग के पास स्थित है.
अभिषेक के घर नहीं लौटने पर उसके पिता ने उसके दोस्तों से पूछताछ की. पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने कथित तौर पर टालमटोल और भ्रामक जवाब दिए.
शुक्रवार सुबह आंभोरा पुलिस को कनिफनाथ घाट क्षेत्र में एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना मिली. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया. शव को कड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रखा गया और पहचान के लिए उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित की गईं.
पहचान अभिषेक करकांबे के रूप में होने के बाद उसके पिता ने शनिवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. इसके आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर प्राथमिकी दर्ज की गई.
पुलिस हत्या की परिस्थितियों की जांच कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, वारदात के पीछे का मकसद अभी पता नहीं चला है और जांच के दौरान इसे स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है.
