महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के दिवेआगर बीच पर पिकनिक के दौरान समुद्र में डूबने से आठ छात्रों की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, सभी मृतक छात्र थे और उनके शव बरामद कर लिए गए हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुणे के आलंदी इलाके से 48 लोगों का एक समूह दिवेआगर घूमने पहुंचा था. इस दल में 25 लड़के, 17 लड़कियां और छह शिक्षक शामिल थे. पुलिस ने बताया कि समूह में विनर्स एकेडमी के 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र भी थे.
पुलिस के अनुसार, कुछ छात्र समुद्र में उतर गए थे. पानी की गहराई और बहाव का सही अंदाजा नहीं लग पाने के बाद आठ छात्र डूब गए. घटना की सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और तलाश अभियान चलाया. अभियान के दौरान सभी आठ शव बाहर निकाले गए.
दिवेआगर रायगढ़ जिले के श्रीवर्धन तालुका में अरब सागर के किनारे स्थित है. यह क्षेत्र अपने लंबे रेतीले समुद्र तट और पर्यटन के लिए जाना जाता है. हालांकि, इस हादसे के संबंध में पुलिस की ओर से इससे अधिक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है.
