पुणे की कानून-व्यवस्था और पालकमंत्री पद को लेकर दिए बयान पर विधायक रोहित पवार ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से व्यक्तिगत माफी मांगी है. उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान उनके शब्द आक्रामक रहे हों और सुनेत्रा पवार को बुरा लगा हो तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं.

हालांकि, रोहित पवार ने अपनी मूल राजनीतिक भूमिका से पीछे हटने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि पुणे में हाल की हिंसक घटनाओं के बाद प्रशासन और पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने पुणे पुलिस आयुक्त पर पक्षपातपूर्ण तरीके से काम करने का आरोप भी लगाया और बदलाव की मांग रखी.

पालकमंत्री पद पर अलग राय

पुणे में कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक विवाद के बीच सुप्रिया सुळे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से पुणे का पालकमंत्री पद संभालने की मांग की थी. रोहित पवार ने इस सुझाव का समर्थन नहीं किया. उन्होंने कहा कि समस्या केवल पालकमंत्री पद की नहीं, बल्कि गृह विभाग और प्रशासनिक नियंत्रण की भी है.

रोहित पवार ने यह भी कहा कि सुनेत्रा पवार को अधिकारियों का पर्याप्त सहयोग और अधिकार मिलना चाहिए, लेकिन पुणे में कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे.