NCP (SP) विधायक रोहित पवार ने पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले को पत्र लिखकर प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का विरोध करने की अपील की है. उन्होंने पार्टी के सांसदों से भी विधेयक के खिलाफ मतदान करने को कहा है.

रिपोर्ट्स के अनुसार, दो पन्नों के पत्र में रोहित पवार ने कहा कि विधेयक का समर्थन करना पार्टी की प्रगतिशील विचारधारा और शरद पवार की राजनीतिक विरासत से पीछे हटने जैसा होगा. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में इस मुद्दे को लेकर असंतोष का भी उल्लेख किया.

रोहित पवार ने परिसीमन प्रक्रिया को जनगणना पूरी होने के बाद संवैधानिक तरीके से आगे बढ़ाने की मांग की. उन्होंने यह भी कहा कि परिसीमन और महिला आरक्षण को अलग-अलग मुद्दों के रूप में देखा जाना चाहिए.

पत्र में उन्होंने पार्टी के नेताओं और जनप्रतिनिधियों से अपना रुख सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करने को कहा. रोहित पवार ने अपने हस्ताक्षर में खुद को निर्वाचित प्रतिनिधि या NCP (SP) पदाधिकारी बताने के बजाय देश का नागरिक और ‘स्वाभिमानी महाराष्ट्र’ का कार्यकर्ता बताया.

यह पत्र परिसीमन विधेयक पर NCP (SP) के संभावित रुख को लेकर पार्टी के भीतर मतभेद का संकेत देता है. सुले ने पहले कहा था कि विधेयक का मसौदा देखने और आंतरिक चर्चा के बाद पार्टी अपना अंतिम रुख सदन में स्पष्ट करेगी.