शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने delimitation विधेयक को लेकर शरद पवार के नेतृत्व वाले NCP (SP) पर तीखा हमला बोला है. राउत ने पार्टी के संभावित समर्थन को महाराष्ट्र और महा विकास आघाड़ी के साथ विश्वासघात बताया.

राउत के मुताबिक NCP (SP) के आठ सांसद महा विकास आघाड़ी के समर्थन से चुनाव जीते थे. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पक्ष में एकतरफा रुख अपनाने का फैसला महाराष्ट्र की जनता स्वीकार नहीं करेगी. राउत ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के साथ नजदीकी बढ़ाना पार्टी की मूल विचारधारा और आत्मसम्मान से समझौता करने जैसा है.

NCP (SP) नेता जितेंद्र आव्हाड ने विधेयक को समर्थन देने की बात कही है. हालांकि, सुप्रिया सुले ने कहा है कि पार्टी मसौदे की समीक्षा के बाद लोकसभा में अपना अंतिम रुख स्पष्ट करेगी. पार्टी ने महिला आरक्षण लागू करने, सभी राज्यों में लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि और परिसीमन आयोग में विपक्ष को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने जैसी शर्तें भी बताई हैं.

सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाली संसद की विशेष बैठक में परिसीमन से जुड़ा विधेयक ला सकती है. राउत ने विधेयक को संघीय ढांचे के लिए नुकसानदायक बताते हुए विपक्षी दलों से इसका विरोध करने की अपील की है.