एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें खांसी और कमजोरी की शिकायत थी. डॉक्टरों ने जांच और निगरानी के लिए अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी.

अस्पताल से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, पवार की हालत स्थिर है और उनकी सेहत में सुधार बताया गया है. डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें अस्पताल से कब छुट्टी मिलेगी.

शरद पवार 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को सोलापुर जिले के सूखा प्रभावित इलाकों के दौरे पर थे. उन्होंने माधा तालुका के तुलसी गांव और पंढरपुर तालुका के दुधाली गांव में किसानों से मुलाकात कर पानी और चारे की समस्या की जानकारी ली थी.

तबीयत बिगड़ने के बाद उनका सोमवार का प्रस्तावित दौरा रद्द कर दिया गया. इससे पहले पवार ने महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, चारा और किसानों के लिए राहत उपायों को प्राथमिकता देने की मांग की थी.