शिवसेना के चुनाव चिह्न विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान पीठ ने दलबदल, अयोग्यता की कार्यवाही और पार्टी के चुनाव चिह्न के बीच संबंध पर सवाल उठाए. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत तथा न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहन की पीठ एकनाथ शिंदे गुट को ‘धनुष-बाण’ चुनाव चिह्न देने के चुनाव आयोग के फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई कर रही है.
न्यायमूर्ति बागची ने पूछा कि यदि किसी गुट के सदस्यों के खिलाफ अयोग्यता की कार्यवाही चल रही हो और बाद में वे विधानसभा की सदस्यता खो दें, तो उस समय उनके आधार पर तय किया गया चुनाव चिह्न कैसे प्रभावी रहेगा. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि चुनाव चिह्न से जुड़ी कसौटी उन लोगों पर लागू होगी जिन्होंने कथित तौर पर ‘संवैधानिक पाप’ किया है या उन पर जिन्होंने इसकी शिकायत की है.
पीठ ने संगठनात्मक समर्थन और जमीनी समर्थन को सदस्यों की संख्या से मापने की कठिनाई पर भी चर्चा की. न्यायमूर्ति बागची ने कहा कि भारतीय राजनीति की जटिल परिस्थितियों में केवल संगठन के सदस्यों की संख्या से वास्तविक समर्थन तय करना मुश्किल हो सकता है. सुनवाई के दौरान ‘सादिक अली’ फैसले का भी संदर्भ आया.
शिंदे गुट की ओर से वरिष्ठ वकील नीरज किशन कौल ने चुनाव आयोग की विधायक बहुमत वाली कसौटी का बचाव किया. उनका तर्क था कि चुनाव चिह्न (आरक्षण और आवंटन) आदेश के तहत यह तय करने के लिए यह कसौटी कानूनी और प्रासंगिक है कि असली राजनीतिक दल कौन-सा गुट है. उन्होंने कहा कि अयोग्यता की याचिकाएं लंबित होने भर से चुनाव आयोग को पैरा 15 के तहत चुनाव चिह्न विवाद पर फैसला करने से नहीं रोका जा सकता.
कौल ने दावा किया कि शिंदे गुट का समर्थन करने वाले 40 विधायक 2019 में शिवसेना के 55 विजयी विधायकों के पक्ष में पड़े कुल मतों के 76 प्रतिशत का प्रतिनिधित्व करते हैं. उन्होंने 18 विजयी लोकसभा सांसदों में से 13 सांसदों के समर्थन का आंकड़ा 73 प्रतिशत बताया.
उद्धव ठाकरे गुट की याचिकाओं में चुनाव आयोग के उस फैसले को चुनौती दी गई है, जिसमें शिंदे गुट को आधिकारिक शिवसेना मानते हुए धनुष-बाण चिह्न दिया गया था. सुनील प्रभु की प्रमुख याचिका में 10 जनवरी 2024 के विधानसभा अध्यक्ष के फैसले को भी चुनौती दी गई है, जिसमें शिंदे गुट के विधायकों को अयोग्य ठहराने से इनकार किया गया था.
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई पूरी नहीं हो सकी. मामले पर बुधवार को भी सुनवाई जारी रहने की बात कही गई है.
